हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में जनपद में लक्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बसों की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा मानकों, यात्री क्षमता और दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच में वाहन संरचना में अनधिकृत बदलाव, बस बॉडी कोड का उल्लंघन, क्षमता से अधिक यात्रियों का परिवहन, ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी अनियमितता समेत अन्य नियमों का उल्लंघन पाया गया। कार्रवाई करते हुए 185 वाहनों के चालान किए गए और 16 वाहनों को सीज किया गया। वहीं, सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले तीन वाहनों की फिटनेस निलंबित करने की संस्तुति की गई।
एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने बस संचालकों को स्वीकृत संरचना, निर्धारित यात्री क्षमता और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।