सरकारी स्तर पर भव्य होगा हरितालिका तीज उत्सव, गोर्खाली समाज के योगदान को सराहा

देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में आयोजित गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने गोर्खाली समाज की माताओं-बहनों को तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरितालिका तीज माता पार्वती की तपस्या, विश्वास और शक्ति का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हरितालिका तीज उत्सव को सरकारी स्तर पर और अधिक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोर्खाली समाज का उत्तराखंड की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज ने शिक्षा, खेल, कला-साहित्य और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश की प्रगति में योगदान दिया है। उन्होंने गोर्खा वीरों के शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए कहा कि अमर शहीद कप्तान दल बहादुर थापा की स्मृति में बनने वाला ‘आजाद हिंद फौज शहीद द्वार’ गोर्खा समाज के त्याग और बलिदान का प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, समान नागरिक संहिता और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *