देहरादून में रविवार को राजपुर रोड स्थित होटल में सर्राफ मंडल की ओर से आयोजित भव्य एग्जीबिशन का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में पारंपरिक आभूषणों और स्वर्णकारों की कला एवं हुनर को देखा और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की गढ़वाली नथ, पौंजी, चंपकली हार, कुमाऊंनी गुलोबंद, पिचौरा हार और झुमके जैसे पारंपरिक आभूषणों को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने की जरूरत है। पारंपरिक डिजाइनों को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित कर ‘लोकल टू ग्लोबल’ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इससे स्थानीय कारीगरों और स्वर्णकारों के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक कौशल और स्वर्णकार समाज के विकास के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।