हरिद्वार। जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 15 सितंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। बुधवार को सीसीआर सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी मुख्य, संपर्क और ग्रामीण मार्गों का तत्काल सर्वे कर गड्ढे चिह्नित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि अभियान की निर्धारित तारीख का इंतजार किए बिना क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शुरू की जाए। बारिश से अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तरीके से काम पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। काम पूरा होने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर गुणवत्ता की जांच करेंगे। जलभराव वाले क्षेत्रों में सड़क मरम्मत से पहले जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कों की स्थिति बेहतर बनाकर लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अभियान में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर निगम, नगर पालिकाओं समेत सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे।