सतपुली (पौड़ी गढ़वाल)। श्रम विभाग की ओर से प्रदेशभर में श्रमिक पंजीकरण और नवीनीकरण का अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) के तहत पहली बार चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर आयोजित किया गया। पिछले चार दिनों में विभिन्न विकासखंडों में 2779 से अधिक श्रमिकों के कार्ड बनाए जा चुके हैं।
कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक करौली शंकर महाराज ने बुधवार को न्याय पंचायत सतपुली स्थित वेडिंग प्वाइंट में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने श्रमिकों और स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार जगह-जगह शिविर लगाकर श्रमिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाने का प्रयास कर रही है। वर्तमान में मनरेगा के करीब 9.5 लाख सक्रिय श्रमिकों को भी इस बोर्ड से जोड़ने का काम किया जा रहा है। 90 दिन काम करने वाले मनरेगा श्रमिक भी अब योजनाओं के पात्र होंगे।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों का नियमित नवीनीकरण नहीं कराने पर पंजीकरण निष्क्रिय हो जाता है, जिससे पात्र श्रमिक विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। इसलिए श्रमिकों का पंजीकरण और नवीनीकरण कराना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक सभी पात्र श्रमिकों के कार्ड नहीं बन जाते, तब तक यह प्रक्रिया जारी रखी जाए।
महाराज ने कहा कि श्रमिक केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकास शक्ति हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘श्रम एव जयते’ मंत्र के तहत श्रमिकों के हित में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका सर्वोपरि है और उनके बिना विकास कार्य संभव नहीं हैं। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने श्रमिकों से कहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत संचालित पुत्री विवाह अनुदान, पुत्र-पुत्री की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना की स्थिति में सहायता राशि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों को समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र श्रमिक को अनावश्यक परेशानी न हो।
इस दौरान महाराज ने भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी चर्चा की। उन्होंने सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र की जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सर्वेंद्र, जिलाध्यक्ष वृजमोहन रावत, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र रावत, दिगंबर रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता वेदप्रकाश शर्मा, मनोनीत सदस्य अंकित कुमार, गंगा खंतवाल, पूर्व चेयरमैन अनुज शर्मा, भागवंती देवी, जिला महामंत्री युवा मोर्चा पंकज कुमार, जिला महामंत्री महिला मोर्चा पुष्पा असवाल, जिला मंत्री रेनू घिल्डियाल सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।