15 सितंबर से अभियान चलाकर सड़कों को किया जाएगा गड्ढामुक्त

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद की सभी मुख्य, संपर्क और ग्रामीण सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। बुधवार को सीसीआर सभागार में आयोजित बैठक में 15 सितंबर से प्रस्तावित गड्ढामुक्त अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर निगम, नगर पालिकाओं समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग सड़कों का तत्काल सर्वे कर गड्ढों को चिह्नित करें और निर्धारित समयसीमा में मरम्मत कार्य पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार किए जाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को 15 सितंबर का इंतजार किए बिना क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शुरू करने के निर्देश दिए। बारिश से अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता देने को कहा गया।

बैठक में विभागवार सड़क मरम्मत की प्रगति और अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी के साथ प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम पूरा होने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर गुणवत्ता की जांच करें। सड़क से जुड़ी शिकायतों का भी तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में सड़क मरम्मत से पहले जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि मरम्मत कार्य टिकाऊ हो सके। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को तेजी से संचालित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित करें।

बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डीपी सिंह, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजय नाथ शुक्ल, उप मुख्य नगर अधिकारी दीपक गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *