देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार के माध्यम से नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, लाभार्थी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और आम नागरिक शामिल होंगे। वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर, चित्रकला-निबंध प्रतियोगिताएं, सेवा ज्योति कलश यात्रा, नवाचार चैलेंज और सुशासन संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान हर जिले में व्यापक रूप से मनाया जाएगा और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।