रानीपुर विधानसभा में 3.41 करोड़ के चार सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर चार सड़क निर्माण कार्यों के लिए कुल 3.41 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत शिवालिकनगर नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़कों का चौड़ीकरण, डामरीकरण, पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

स्वीकृत कार्यों में वार्ड संख्या-2 में 99.42 लाख रुपये की लागत से करीब 4.5 किलोमीटर सड़क, शिवालिकनगर शिव मंदिर से चिन्मय डिग्री कॉलेज तक करीब एक किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण व डामरीकरण पर 45.26 लाख रुपये, वार्ड संख्या-3 में 97.48 लाख रुपये की लागत से करीब दो किलोमीटर सड़क तथा वार्ड संख्या-4 में 99.11 लाख रुपये की लागत से करीब पांच किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण शामिल है।

विधायक आदेश चौहान ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देकर विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण से हजारों परिवारों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

विधायक ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं और क्षेत्र की जरूरत के अनुसार मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *