काशीपुर/ देहरादून। प्रदेश में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लैंड स्लाइड व पेड़ों के विद्युत लाइनों पर गिरने के कारण बाधित हो रही बिजली आपूर्ति की बहाली की समीक्षा हेतु यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी.ध्यानी ने मध्य रात्रि में प्रान्तीय भार निस्तारण केन्द्र ( ( SLDC) पिटकुल मुख्यालय विद्युत भवन माजरा देहरादून का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्युत व्यस्था को कम से कम समय में बहाल करने हेतु क्षेत्रीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिन रात किये जा रहे प्रयासों की सराहना की गयी।

प्रबंध निदेशक श्री ध्यानी ने मध्य रात्रि में ‘प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र’ का औचक निरीक्षण के दौरान 400 केवी काशीपुर-नहटौर लाइन पर ट्रिपिंग की समस्या सामने आई, जिस पर उन्होंने तुरन्त संज्ञान लेते हुए विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा इसका त्वरित निस्तारण करने के निर्देश सहायक अभियंता 400केवी सबस्टेशन काशीपुर को दिये गये। इसके अतिरिक्त, मार्काडोस कंपनी द्वारा अपनाई जा रही पूर्वानुमान प्रक्रिया व वास्तविक स्थिति में काफी अंतर होने के कारण गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए, कंपनी को अपने पूर्वानुमान में शीघ्र सुधार करने की सख्त चेतावनी दी। इसके साथ ही कम्पनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए कि क्यूं न आपके अनुबंध को निरस्त करते हुए ब्लैक लिस्टिंग की कार्यवाही प्रारंभ कर दी जाय। औचक निरीक्षण के दौरान प्रान्तीय भार निस्तारण केन्द्र पर पिटकुल से सहायक अभियंता रजनीश गोदियाल, सहायक अभियंता रविन्दर कुमार , दीपक तिरपाठी अवर अभियन्ता तथा यूपीसीएल की ओर से सहायक अभियन्ता सुशोभित कपिल एवं मर्काडोज कम्पनी से राहुल तोमर उपस्थित थे । रात्रि शिफ़्ट में ड्यूटी कर रहे सहायक अभियन्ताओं एवं अवर अभियंताओं से काफी देर तक विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा की गयी, इसके लिए श्री ध्यानी ने उनकी सराहना करते हुए उन्हें पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया ।