हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने अनुरक्षण शाखा (गंगा) और पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में संचालित, प्रस्तावित और आगामी सीवरेज व पेयजल योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए।
बैठक में केएफडब्ल्यू योजना फेस-2 के तहत जगजीतपुर क्षेत्र में चल रहे सीवरेज कार्य की समीक्षा की गई। विधायक ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी सीवर लाइन बिछाने का काम बाकी है, वहां जल्द कार्य पूरा कराया जाए। साथ ही जिन स्थानों पर लाइन बिछाई जा चुकी है, वहां रोड कटिंग के बाद सड़कों की मरम्मत तत्काल कराई जाए।
केएफडब्ल्यू योजना फेस-3 के तहत सीतापुर और हरिलोक-राजलोक क्षेत्र में प्रस्तावित सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि योजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विधायक ने इसी माह काम शुरू कराने के निर्देश दिए।
बैठक में करीब 180 करोड़ रुपये की केएफडब्ल्यू योजना फेस-4 पर भी चर्चा हुई। इसके तहत सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित क्षेत्र, शिवालिकनगर और आसपास की कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाने के साथ एसपीएस निर्माण सहित अन्य कार्य प्रस्तावित हैं। विधायक ने योजना की फाइनल डीपीआर और आवश्यक रिपोर्ट जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि स्वीकृति के बाद काम शुरू कराया जा सके।
इसके अलावा सुभाषनगर, टिहरी विस्थापित, शिवालिकनगर, रामधाम, देवनगर, कृपाल नगर, नवोदय नगर और केशव नगर के लिए प्रस्तावित करीब 125 करोड़ रुपये की जायका पेयजल योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना की डीपीआर और सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है तथा पीएमसी को कार्य सौंप दिया गया है। विधायक ने शासन से आवश्यक स्वीकृति लेकर जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास को रानीपुर विधानसभा में भी योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। सीवरेज और पेयजल से जुड़ी योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी और शहरी विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा की जा रही है। सभी योजनाओं की प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर शासन स्तर पर लंबित स्वीकृतियां प्राप्त की जाएं, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ जल्द मिल सके। बैठक में विभागीय अधिकारियों के अलावा पार्षद नागेंद्र राणा, लक्की वालिया, हरविंद्र सिंह विक्की और वरिष्ठ भाजपा नेता अजय बबली सहित अन्य मौजूद रहे।