हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान के तहत ज्वालापुर स्थित कसाबान आंगनबाड़ी केंद्र-3 पर आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला सचिव खुर्रम मलिक ने सानिया को महालक्ष्मी किट प्रदान की। इस अवसर पर सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के लिए चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए खुर्रम मलिक ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला एवं बाल कल्याण तथा संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं और नवजात बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने नन्दा गौरा योजना, महालक्ष्मी किट, पोषण आहार तथा सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क प्रसव जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र मातृ स्वास्थ्य और बच्चों के पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। खुर्रम मलिक ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। भाजपा जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के समन्वयक मोहसिन मंसूरी ने कहा कि नन्दा गौरा योजना और महालक्ष्मी किट जैसी योजनाओं से किशोरियों और गर्भवती महिलाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्री पूनम, सहायिका सुमन लता और आशा कार्यकर्ता निर्मला सहित बड़ी संख्या में माताएं, बच्चे और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।