सेवा संकल्प अभियान के तहत किया आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन

हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भूपतवाला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथी मेयर किरण जैसल ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं महिलाओं की गोदभराई रस्म संपन्न कराई। कार्यक्रम के दौरान मेयर किरन जैसल ने बालिकाओं को पोषण बैग भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ और मजबूत बनाने के लिए शुरुआती वर्षों में उचित पोषण बेहद आवश्यक है। इसी प्रकार गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान देकर आने वाली पीढ़ी के बेहतर स्वास्थ्य की नींव रखी जा सकती है। मेयर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र समाज के अंतिम व्यक्ति तक महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सुपरवाइजरों द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों से महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के पोषण और शिक्षा पर विशेष ध्यान देना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। स्वस्थ बालिकाएं ही आगे चलकर स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला बनती हैं। इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने भूपतवाला आंगनबाड़ी सेक्टर की सुपरवाइजर ऋचा गर्ग को सम्मानित भी किया। इस दौरान पार्षद आकाश भाटी, पार्षद सुनीता शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री दीपांशु विद्यार्थी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रीति गौड़, भूपतवाला आंगनबाड़ी सेक्टर की सुपरवाइजर ऋचा गर्ग, आलोक, देवेश्वरी लखेड़ा, मीनू ठाकुर, आकाश तोमर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *