देहरादून। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को नदियों के चैनलाइजेशन का कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सिंचाई क्षमता के सापेक्ष किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में जरूरी उपाय तत्काल किए जाएं।
यमुना कॉलोनी स्थित सिंचाई सभागार में सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक में महाराज ने लंबित परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पांच करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण की व्यवस्था करने तथा सभी नहरों की टेल फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलाशयों और बैराजों की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए जल प्रबंधन तथा प्रमुख संस्थानों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
महाराज ने बताया कि आपदा से क्षतिग्रस्त चमोली और टिहरी के 24 कार्यों के लिए 1076 करोड़ रुपये, 774.33 करोड़ रुपये की सात योजनाओं तथा कुंभ कार्यों के लिए 98 करोड़ रुपये के बजट की मांग की गई है। गढ़वाल और कुमाऊं की नदियों के चैनलाइजेशन के लिए मॉर्फोलॉजिकल और वैज्ञानिक अध्ययन भी कराया जा रहा है।
बैठक में अपर सचिव सिंचाई गरिमा रौंकली, प्रमुख अभियंता सुभाष चंद्र पांडे, मुख्य अभियंता शंकर कुमार शाह, मुख्य अभियंता चंद्रशेखर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।