डोभाल पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर बरसे मदन कौशिक

हरिद्वार। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि डोभाल पर अमर्यादित टिप्पणी उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान पर चोट है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से इस मामले में पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग की।

मेयर कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कौशिक ने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन देश की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। उनकी पहचान दशकों की राष्ट्रसेवा से बनी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कौशिक ने कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए सेना और सैन्य अभियानों को लेकर उठाए गए सवालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना के सम्मान से जुड़े विषयों पर जिम्मेदारी के साथ बयान दिए जाने चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या राहुल गांधी की टिप्पणी पार्टी की आधिकारिक सोच को दर्शाती है। यदि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व इस बयान से सहमत नहीं है, तो उसे अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान की मर्यादा बनी रहनी चाहिए।

इस दौरान मेयर किरण जैसल, विधायक आदेश चौहान, मीडिया के प्रदेश सह प्रभारी विकास तिवारी और सुभाष चंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *