30 अक्टूबर से शुरू होगी दंडवत यात्रा, 5000 साधक होंगे शामिल

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं मिश्री मठ के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी शंकर करौली महादेव महाराज ने बताया कि राष्ट्र की एकता-अखंडता, सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति के संरक्षण और मां गंगा की स्वच्छता के संकल्प के साथ भव्य दंडवत यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य कुंभ मेले को दिव्य एवं भव्य बनाने, गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति व संस्कारों से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को भगवान दक्षेश्वर महादेव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक करने के बाद नया अखाड़ा उदासीन, कनखल से यात्रा का शुभारंभ होगा। इसमें करीब 5000 साधक दंडवत यात्रा करेंगे, जबकि लगभग 1000 स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे। इसके साथ ही हजारों श्रद्धालु पदयात्रा में शामिल होंगे।

महामंडलेश्वर ने बताया कि 31 अक्टूबर को मां गंगा सेवा अभियान के तहत हजारों स्वयंसेवक गंगा स्वच्छता और संरक्षण का संदेश देते हुए विशेष सफाई अभियान चलाएंगे। सायंकाल मां गंगा की आरती कर सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मां गंगा भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक परंपरा की प्रमुख आधारशिला हैं। गंगा की निर्मलता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तभी है, जब उनसे समाज में सेवा, सद्भाव और जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो। दंडवत यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक संसाधनों और पवित्र नदियों के संरक्षण के प्रति भी प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेला भारतीय संस्कृति, संत परंपरा और आध्यात्मिक एकता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसे दिव्य एवं भव्य स्वरूप देने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। यात्रा के माध्यम से सनातन परंपराओं, आध्यात्मिक साधना और नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

मिश्री मठ के प्रबंधक डॉ. उमेश सचान ने बताया कि यात्रा में मिश्री मठ के एक हजार स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार एंबुलेंस भी यात्रा के साथ चलेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *