हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नशे में स्कूल बस चलाने वाले चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि सात बसों को सीज किया गया।
चेकिंग के दौरान नशे में स्कूल बस चलाने का मामला सामने आने पर पुलिस ने तत्काल बस रुकवाकर उसमें सवार बच्चों को दूसरी स्कूल बस से सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया। इसके बाद संबंधित चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
अभियान में मॉडिफाइड बसों और बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों की जांच की गई। यातायात पुलिस, सीपीयू और परिवहन विभाग की टीम ने दोपहिया व चारपहिया वाहनों के कुल 298 चालान किए तथा सात बसों को सीज किया।
अभियान में सीओ यातायात बिपेंद्र कुमार, एआरटीओ निखिल शर्मा, एआरटीओ नेहा झा, यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी सहित पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने, यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।