राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिलाधिकारी ने परखी तैयारियां, अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून। राष्ट्रपति के आगामी 1 और 2 नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड भ्रमण के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, विद्युत एवं पेयजल विभाग को भ्रमण के दौरान निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और संभावित व्यवधानों से निपटने के लिए पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने नगर निकायों और संबंधित विभागों को भ्रमण मार्गों एवं कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने तैयारियों की नियमित निगरानी करने और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मिता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ओमपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *