तीन दशक से चिकित्सा जगत में सेवाएं दे रहा नरुला हॉस्पिटल, गंभीर रोगों के उपचार में बनाई पहचान

काशीपुर। चिकित्सा के क्षेत्र में लंबे अनुभव और निरंतर सेवाओं के साथ रामनगर रोड स्थित नरुला हॉस्पिटल काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाए हुए है। वर्ष 1984 से वरिष्ठ चिकित्सक जे. एस. नरूला इस अस्पताल में कैंसर, टीबी और छाती संबंधी गंभीर बीमारियों के उपचार के साथ विभिन्न रोगों के निदान एवं चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में अस्पताल की एक विशेषता यह भी है कि यहां बच्चों के दांतों से संबंधित समस्याओं के उपचार के लिए विशेषज्ञ दंत चिकित्सक डॉ. तवलीन नरुला अपनी सेवाएं दे रही हैं।

रतन सिनेमा रोड के क्लीनिक से शुरू हुआ सफर

  नरुला हॉस्पिटल की स्थापना वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जे.एस. नरुला ने वर्ष 1984 में की थी। उन्होंने शुरुआत में रतन सिनेमा रोड स्थित एक क्लीनिक के माध्यम से मरीजों को चिकित्सा सेवाएं देना शुरू किया। समय के साथ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करते हुए उन्होंने रामनगर रोड पर अस्पताल की स्थापना की। दशकों से जारी इस चिकित्सकीय सफर में अस्पताल ने क्षेत्र के मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने में अपनी भूमिका निभाई है। वर्तमान में डॉ. जे.एस. नरुला के साथ उनके पुत्र डॉ. गुरप्रीत नरुला भी चिकित्सा सेवाओं में सक्रिय हैं। डॉ. गुरप्रीत नरुला की पत्नी डॉ. तवलीन नरुला दंत चिकित्सक हैं, जो विशेष रूप से बच्चों के दांतों से संबंधित समस्याओं का उपचार करती हैं। उनके पास काशीपुर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी मरीज परामर्श और उपचार के लिए पहुंचते हैं।

जटिल मामलों में अनुभव और जांच पर जोर

 डॉ. गुरप्रीत नरुला ने बताया कि उनके पिता वर्ष 1984 से चिकित्सा क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए जसपुर क्षेत्र के एक गंभीर मरीज का उदाहरण दिया, यह मरीज कुछ वर्ष पूर्व गंभीर बीमारी की स्थिति में अस्पताल पहुंचे थे। उनके अनुसार, मरीज को पहले कई स्थानों पर उपचार को लेकर निराशाजनक स्थिति का सामना करना पड़ा था। नरुला हॉस्पिटल में उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ।

डॉ. नरूला ने बताया कि अस्पताल में खर्राटों की समस्या के कारणों की जांच के लिए विशेष मशीन का उपयोग किया जाता है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर मरीज को उचित उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया जाता है।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की गोष्ठी का होता है आयोजन

 डॉ. गुरप्रीत नरुला ने बताया कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा परामर्श और उपचार संबंधी नवीन जानकारियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष मई-जून में रामनगर में चिकित्सकीय गोष्ठी आयोजित की जाती है। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से विशेषज्ञ चिकित्सक भाग लेते हैं। गोष्ठी के दौरान चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे बदलावों, जटिल रोगों के उपचार और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के विषयों पर विचार-विमर्श किया जाता है।नरुला हॉस्पिटल की स्थापना से लेकर वर्तमान तक जारी चिकित्सा सेवाओं का सफर क्षेत्र में इसकी पहचान का आधार रहा है। अनुभवी चिकित्सकों की सेवाओं, विभिन्न रोगों की जांच और उपचार की सुविधाओं तथा विशेषज्ञ दंत चिकित्सा के माध्यम से अस्पताल मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *