हरिद्वार। दीपावली पर्व और कुंभ की तैयारियों के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में हर की पौड़ी से पोस्ट ऑफिस तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया और दुकानों के आगे पीली पट्टी के बाहर रखा सामान हटवाया।
इस दौरान दुकानदारों एवं फड़-ठेली संचालकों को निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकान संचालित करने की हिदायत दी गई। प्रशासन ने चेतावनी दी कि पीली पट्टी के बाहर सामान रखने वालों का सामान जब्त करने के साथ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।