हरिद्वार। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नगर निगम क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया। सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी एवं उपायुक्त प्रयोगशाला बीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में सचल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से विभिन्न मिठाई की दुकानों, बेकरी, डेयरी एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर मौके पर ही जांच की गई।
अभियान के दौरान ऋषिकुल, गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़ और प्रेमनगर आश्रम क्षेत्र के प्रतिष्ठानों से मिठाई, पनीर, दूध, दही, केक, पेस्ट्री, सॉस, मसाले, तेल, बेसन, दालों और अन्य कन्फेक्शनरी उत्पादों सहित कुल 81 नमूनों की जांच की गई। इनमें से 11 नमूने अधोमानक पाए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों से अधोमानक खाद्य सामग्री को तत्काल हटवा दिया गया।
अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने मिठाई और बेकरी प्रतिष्ठानों में उत्पादों पर निर्माण एवं अवसान तिथि अंकित होने की भी जांच की। अधिकांश प्रतिष्ठानों पर मिठाई और बेकरी उत्पादों पर नियमानुसार निर्माण एवं अवसान तिथि अंकित पाई गई।
इस दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रुड़की नगर निगम योगेंद्र पांडे, जूनियर फूड एनालिस्ट अनुराग मियां और लैब सहायक गौरव कुमार सहित अन्य टीम सदस्य मौजूद रहे।