देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वह दोपहर 12 बजे परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
वीवीआईपी दौरे को देखते हुए परेड ग्राउंड से पुलिस लाइन तक सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट और अस्थायी हेलीपैड पर भी अधिकारियों की तैनाती की गई है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने आईआरडीटी ऑडिटोरियम में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, बिजली, चिकित्सा, अग्निशमन और स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है।