हरिद्वार। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। जनपद में 18 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस तथा 25 नवंबर को मॉप-अप दिवस मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। बैठक में शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, अल्पसंख्यक विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। मॉप-अप दिवस पर दवा सेवन से छूटे बच्चों को दवा खिलाई जाएगी।
बैठक में स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीपी सिंह, प्रदीप तिवारी, पारुल शाह, विकास चौहान, अखिलेन्द्र सिंह, सलमान रजा, डीपीएम हिमांशु, डीडीएम चांद मियां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।