हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने अधिवक्ताओं के चेंबरों से एसी के कॉपर पाइप और वायर चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का गलाया हुआ तांबा के नौ टुकड़े बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पिछले कई दिनों से अधिवक्ताओं के चेंबरों में लगे एसी के कॉपर पाइप और वायर चोरी किए जा रहे थे। इस संबंध में जिला बार एसोसिएशन के सचिव एवं अधिवक्ता विपिन चंद्र द्विवेदी की तहरीर पर 6 नवंबर को थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया था।
13 नवंबर को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने आनेकी पुल के पास से प्रवेश (25) और निरदेश (25), निवासी आनेकी हेतमपुर, सिडकुल को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से चोरी का गलाया हुआ तांबा बरामद हुआ। पुलिस ने मुकदमे में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान, कांस्टेबल हरि सिंह और नरेंद्र चौहान शामिल रहे।