हरिद्वार। आर्य समाज सेक्टर-1 बीएचईएल का 62वां वार्षिकोत्सव पांच कुंडीय यज्ञ के साथ शुरू हुआ। तीन दिवसीय समारोह के पहले दिन बड़ी संख्या में आर्य समाजियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से स्वामी श्रद्धानंद को भारत रत्न देने की मांग की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रो. विनय विद्यालंकार ने कहा कि आर्य समाज ने सामाजिक एकता और समाज सुधार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहीं, आर्य समाज के अध्यक्ष एवं बीएचईएल नई दिल्ली के पूर्व कार्यकारी निदेशक डॉ. बलवीर तलवार ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और स्वतंत्रता आंदोलन में आर्य समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्वामी श्रद्धानंद ने हरिद्वार में गुरुकुल की स्थापना कर वैदिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार में अहम योगदान दिया।
समारोह में सामवेद परायण यज्ञ, भजन, प्रवचन और ऋषि प्रसाद का आयोजन किया गया। इस दौरान आचार्य डॉ. रामकृष्ण शास्त्री, ओपी बत्रा, मदन सिंह और राकेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार, शनिवार को भी यज्ञ, भजन और प्रवचन होंगे। रविवार को समापन समारोह में परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर 31 कुंडीय सामवेद परायण यज्ञ की पूर्णाहुति होगी।