हरिद्वार। कुंभ से पहले अखाड़ों में चल रही गुटबाजी खत्म करने के प्रयास तेज हो गए हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज और राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज ने संवाद के जरिए विवादों को सुलझाने पर जोर दिया। सोमवार को उत्तरी हरिद्वार स्थित मिश्री मठ में दोनों संतों की मुलाकात हुई, जहां नया अखाड़ा, बड़ा अखाड़ा और निर्मल अखाड़े के आंतरिक मतभेदों पर चर्चा की गई। श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि कुंभ से पहले सभी अखाड़ों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द स्थापित किया जाएगा। वहीं, महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि जिस तरह 13 अखाड़े एक मंच पर आए हैं, उसी तरह आंतरिक विवाद भी बातचीत से समाप्त कराए जाएंगे। इस अवसर पर महंत ऋषिश्वरानंद, महंत शंकरानंद महाराज, डॉ. उमेश सचान और भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।