हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार स्थित श्री लाल माता मंदिर वैष्णो देवी गुफा में जलाराम बापा की 224वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गुजराती श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विशेष हवन-पूजन, आरती और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदिर परिसर में स्थापित जलाराम बापा की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद साधु-संतों के लिए भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर संचालक भक्त दुर्गादास ने कहा कि जलाराम बापा करुणा, मानवता, दयालुता और सेवा भावना की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने अपना जीवन मानव कल्याण और समाज सेवा के लिए समर्पित किया। उनकी जयंती पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में गुजरात से आए श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।