राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर मंथन

हरिद्वार। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय की ओर से प्रेस क्लब सभागार में ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पत्रकारों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान डिजिटल मीडिया और एआई के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सबसे पहले खबर प्रसारित करना नहीं, बल्कि सही, प्रमाणिक और तथ्यपरक जानकारी जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने पत्रकारों से समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों और स्रोतों की पुष्टि करने तथा भ्रामक और सनसनीखेज खबरों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और इसके मूल सिद्धांत सत्य, निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जनहित हैं। गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र हर्ष, सुनील दत्त पांडे, आदेश त्यागी, रजनीकांत शुक्ला, राजकुमार और गुलशन नैयर ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह, सूर्यकांत बेलवाल सहित विभिन्न समाचार पत्रों और चैनलों के पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *