हल्द्वानी। एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर पर निर्दोष पुरुषों को संरक्षण देने के उद्देश्य से पुरुष आयोग एवं पुरुष कल्याण मंत्रालय के गठन की मांग उठाई। संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने हल्द्वानी एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजा।
इस दौरान संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं मार्गदर्शिका सुनीता तिवारी ने संयुक्त रूप से कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए विशेष कानूनों का कुछ लोगों द्वारा दुरुपयोग कर निर्दोष पुरुषों को छेड़छाड़, मारपीट, यौन शोषण, दहेज उत्पीड़न और दुष्कर्म जैसे झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। इससे पुरुषों का भविष्य, मान-सम्मान और पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है। कई पुरुष मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानियों के चलते आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि पुरुषों के संरक्षण के लिए पुरुष आयोग एवं पुरुष कल्याण मंत्रालय का गठन किया जाए तो पीड़ित पुरुषों को अपनी बात रखने और कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए उचित मंच मिल सकेगा। संस्था ने मांग की कि केंद्र सरकार शीघ्र पुरुष आयोग एवं पुरुष कल्याण मंत्रालय का गठन करे, निर्दोष पुरुषों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति का प्रावधान करे, उनके कल्याण के लिए अलग बजट निर्धारित कर सरकारी योजनाएं बनाए तथा कानूनों का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कानून बनाया जाए।
इस दौरान ज्ञापन देने वालों में संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू, मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार, सुनीता तिवारी, रेनू कांडपाल, अलका टंडन, सौरभ कुमार, महेश साहू, हैप्पी माहेश्वरी, यश गुप्ता, रोहित साहू, सुशील साहू, प्रशांत गुप्ता, विनीत टंडन, संदीप यादव, सूरज मिस्त्री, रोहतास प्रजापति, जानकी कश्यप, अमित कुमार, सुशील राय, रवि गुप्ता, दीपक कुमार, सूरज कुम्हार, मुकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।