काशीपुर। पटवारियों की लंबे समय से चल रही हड़ताल के कारण आम जनता के साथ-साथ हजारों छात्रों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। यह आरोप महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने लगाया।
अलका पाल ने कहा कि तहसीलों में आय, जाति, स्थायी, विकलांग, वृद्धावस्था और विधवा पेंशन से संबंधित प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। इससे छात्रवृत्ति और नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, भूमि संबंधी कार्यों और समाज कल्याण से जुड़े काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई योजनाओं के आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित है। ऐसे में समय पर प्रमाण पत्र नहीं बनने से विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। शैक्षिक प्रवेश के लिए आवश्यक प्रमाण पत्र न बन पाने से भी छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। पटवारियों की रिपोर्ट और जांच आख्या नहीं लगने के कारण प्रमाण पत्रों के आवेदन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। इसके अलावा वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के आवेदन भी लंबित पड़े हैं।
अलका पाल ने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता और छात्रों की समस्याओं को लेकर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पटवारियों की हड़ताल का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रमाण पत्रों के आवेदनों की जांच रिपोर्ट तैयार करने के लिए अमीन और संग्रह अमीन को नामित किया जाए, ताकि हजारों विद्यार्थियों और आम लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और जनमानस के हितों की लड़ाई में सदैव उनके साथ खड़ी है।