आयुक्त आनंद स्वरूप और डीएम मयूर दीक्षित ने सीसीआर कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश
हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन को लेकर की गई व्यवस्थाओं की निगरानी लगातार की जा रही है। इसी क्रम में आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) स्थित मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों और प्रमुख स्नान स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही एवं भीड़ की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी भी ली।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए और जहां भी भीड़ का दबाव बढ़े, वहां तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम स्नान की सुविधा उपलब्ध कराने को प्रशासन की प्राथमिकता बताया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ड्यूटी पर तैनात जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु रखा जाए। भीड़ बढ़ने या किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और कंट्रोल रूम को प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि की नियमित जानकारी देने के निर्देश भी दिए।
जिला प्रशासन द्वारा कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।