अवैध पार्किंग और यात्री सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 44 चालान और दो वाहन सीज

अवैध पार्किंग और यात्री सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 44 चालान और दो वाहन सीज

हरिद्वार। सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए परिवहन विभाग ने सोमवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 42 वाहनों के 44 चालान किए गए, जबकि दो मालवाहक वाहनों को सीज कर दिया गया। कार्रवाई की जद में 19 बसें भी आईं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कश्यप आश्रम, ऋषिकुल, मायापुर और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग करने तथा नो स्टॉपिंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले 19 वाहनों के चालान किए गए।

बसों की जांच के दौरान तीन बसों के आपातकालीन द्वार निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जबकि तीन बसों में क्षमता से अधिक यात्री सवार मिले। इसके अलावा दो बसों में अनधिकृत बदलाव किए जाने का मामला सामने आया। विभिन्न वाहनों में परमिट, टैक्स और अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित अनियमितताओं पर भी चालान किए गए।

वहीं, बकाया टैक्स, बीमा और फिटनेस संबंधी अनियमितताएं पाए जाने पर दो मालवाहक वाहनों को सीज किया गया। श्यामपुर क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले सात वाहनों के भी चालान किए गए।

अभियान में परिवहन कर अधिकारी रवीन्द्र पाल सैनी और परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार भी शामिल रहे। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और स्वामियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, गति सीमा का पालन करने और यात्री सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *