युवाओं को नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प, नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील

हरिद्वार। विकास भवन सभागार में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेरा युवा भारत (MY Bharat) की सीईओ प्रियंका शुक्ला ने की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर मौजूद रहीं।

प्रियंका शुक्ला ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक दिशा में होना चाहिए। युवाओं को नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने युवाओं से शिक्षा, खेल और कौशल विकास जैसी गतिविधियों में भागीदारी करने तथा दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। वहीं, सिमरनजीत कौर ने नशे की लत से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।

बैठक में युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार, मित्रों व समाज के अन्य लोगों को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए युवा-युवतियां और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *