हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। विकास भवन सभागार में आयोजित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के जागरूकता कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. सिमरनजीत कौर ने बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर देने की अपील करते हुए पीड़ितों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया ने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है। कार्यक्रम में बाल विवाह रोकने के प्रयासों, बचाई गई बालिकाओं के पुनर्वास और उनके सुरक्षित भविष्य पर चर्चा की गई। इस दौरान दो जागरूकता लघु फिल्में भी दिखाई गईं।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन श्रीमती संतोष रावत ने किया।