हरिद्वार । जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सिडकुल, सिंहद्वार, लक्सर मार्ग और श्यामपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ निखिल शर्मा एवं नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 140 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 26 वाहन सीज किए गए।
कार्रवाई के दौरान हेलमेट न पहनने पर 77, बिना लाइसेंस 19, बिना बीमा 22, बिना परमिट 10 और फिटनेस प्रमाणपत्र के अभाव में 9 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा वाहनों में अनधिकृत बदलाव सहित अन्य अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है।