हरिद्वार। संविधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल्यों को अपने जीवन एवं कार्य व्यवहार में अपनाना सभी का दायित्व है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अपन दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
इस दौरान सभी ने संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता सहित जिला कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।