(आर.पी.उदास)
काशीपुर। आज यहां मोहल्ला अली खां में हुई मां बेटी की नृशंस हत्या के मामले में प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी मोहल्ले के सलमान ने प्यार में धोखा मिलने के कारण अपनी प्रेमिका और उसकी मां की धारदार हथियार से काट कर निर्मम हत्या की है । पुलिस विस्तृत छानबीन में जुटी है l

मिली जानकारी के अनुसार शबाना उर्फ ननिया (45 वर्ष) पत्नी रईस अपनी बेटी शिबा ( 22 वर्ष )के साथ काशीपुर के अलीखां की निवासी थी। ननिया का पति और उसका बेटा विदेश में काम करते हैं। गुरुवार को करीब पौने 11 बजे अलीखां मोहल्ले का निवासी सलमान धारदार हथियार लेकर ननिया के घर के पास पहुंचा। जहां उसने पहले सड़क पर ही शिबा की गला रेतकर हत्या कर दी। उसके बाद खून से सना हथियार लेकर घर में जा घुसा और ननिया का भी गला रेत दिया।दिन दहाड़े दो हत्याओं को अंजाम देने के बाद सलमान खून से सना हथियार लेकर बांसफोड़ान चौकी पहुंच गया। जहां उसने मौजूद पुलिसकर्मियों से कहा कि मैंने मां और बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी है। इतना सुनते ही चौकी पर हड़कंप मच गया। पुलिस कर्मियों ने आनन-फानन में उसे हिरासत में लिया। उसके बाद अधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।बताया जा रहा है कि सलमान और शिबा का प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन बीते कुछ दिनों से दोनों में अनबन थी। सलमान का कहना है कि शिबा ने उसको धोखा दिया है। गुरुवार को उसके सिर पर जैसे खून सवार हो गया हो। उसने पहले घर के बाहर सड़क पर ही शिबा को मौत के घाट उतारा उसके बाद घरे में घुसकर उसकी मां को भी मार डाला। एसपी चन्द्रमोहन सिंह ने बताया कि सलमान ने मां और बेटी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने की बात कबूल की है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसका कहना है कि प्रेस प्रसंग में धोखा के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहनता के साथ पड़ताल की जा रही है।