हाईस्कूल व इंटर बोर्ड परीक्षा 109 केंद्रों पर होगी

हरिद्वार। हाईस्कूल एवं इटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में परीक्षा केंद्र का निर्धारण करने के लिए जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय परीक्षा केन्द्र निर्धारण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य शिक्षाधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि अगले वर्ष होने वाली हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा को सम्पन्न कराने के लिये जनपद में कुल 109 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किये गये हैं। जिनमें से 15 एकल परीक्षा केन्द्र होंगे। जिन पर केवल हाईस्कूल के छात्र परीक्षा देंगे तथा 94 मिश्रित परीक्षा केन्द्र होंगे, जहां हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट दोनों कक्षाओं के छात्र परीक्षा देंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कुल 20 संवेदनशील तथा 9 अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्र चिह्नित किये गये हैं। बोर्ड परीक्षा में 48322 विद्यार्थी शामिल होंगे। जिनमें से हाईस्कूल के 24556 परीक्षार्थी संस्थागत तथा 727 व्यक्तिगत रूप से परीक्षा में शामिल होंगे। इसी तरह इण्टरमीडिएट के 21819 संस्थागत तथा 1220 व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे। हाईस्कूल के परीक्षार्थियों में 13139 बालक तथा 12144 बालिकायें तथा इण्टरमीडिएट के परीक्षार्थियों में 12732 बालक तथा 10307 बालिकायें संस्थागत तथा व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) पीएल शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट रूड़की अभिनव शाह, एसडीएम भगवानपुर वैभव गुप्ता, एसडीएम लक्सर गोपाल राम बिनवाल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नरेश हल्दियानी, रेडक्रास सचिव डा.नरेश चैधरी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *