हरिद्वार। यूपी के भूमाफियाओं द्वारा भूपतवाला में धार्मिक भावनाओं को आड़ में रखकर लुधियाना पंजाब निवासी के भूखण्ड को कब्जाने का प्रयास किया जा रहा है। 3650 वर्गफुट भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा खण्डित मूर्तियां रखकर धार्मिक रूप देने का प्रयत्न किया गया। भूस्वामी की ओर से नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नगर कोतवाल भावना कैंथोला से मिली जानकारी के अनुसार कल देवी दयाल शुक्ल पुत्र कमला प्रसाद शुक्ल निवासी लुधियाना पंजाब ने तहरीर देकर उत्तरप्रदेश के 3 युवकों पर भूपतवाला स्थित अपने भूखंड पर अवैध कब्जा करने का मुकदमा दर्ज कराया था। भूस्वामी ने आरोप लगाया है उसकी भूमि कब्जाने के लिए युवक धार्मिक भावनाओं को जोड़ रहे हैं, भूमि पर खण्डित मूर्तियाँ रखकर प्रकरण को धार्मिक रूप देते हुए आमजन की धार्मिक भावनाओं को भड़काने का प्रसास कर रहे हैं तथा युवकों द्वारा असफल रहने पर भूस्वामी को गाली-गलौच व धमकी दी गयी है।
प्रकरण धार्मिक भावनाओं से जुड़े होने के कारण एसएसपी अजय सिंह ने शहर कोतवाल भावना कैंथोला को प्रार्थनापत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्यवाही करने के आदेश दिये है। कार्रवाई करते हुये आरोपी समीर गुप्ता पुत्र स्व० रणवीर कुमार गुप्ता निवासी शक्ति खण्डवाला कलापुरम गाजियाबाद, वीर विक्रम सिंह पुत्र अशोक कुमार निवासी लवकनी थाना गौरी बाजार देवरिया, अमित जैनी पुत्र लखमीचन्द जैनी निवासी सेक्टर-83 नोएडा यू० पी० व 3 अन्य अज्ञात के विरुद्ध धारा 120बी, 147, 153ए, 420, 447, 504, 506 के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। विवादित भूमि कुल 3650 वर्गफुट एवं धार्मिक भावनाओं को भड़काने के आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है।