काशीपुर। पिकनिक के लिए मुरादाबाद जा रही एक स्कूल की बस रास्ते में पलट गई, इस घटना में बस में सवार स्कूल की परिचारिका की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक शिक्षिका सहित चार लोग घायल हो गए ।घटना के बाद बच्चों के अभिभावकों में कोहराम मच गया, घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार यहां ओंकार ग्लोबल एकेडमी स्कूल से आज तीन बसें पिकनिक के लिए मुरादाबाद स्थित प्रेम वंडरलैंड जा रही थी। इन बसों में से एक बस दाढ़ीयाल के पास ग्राम रामपुर धम्मन में एकाएक पलट गई , जिससे बस में सवार परिचारिका बबली (25 वर्ष ) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इसी बस में सवार स्कूल की शिक्षिका रूमा शर्मा के अलावा छात्रा अवनीत कौर गुरप्रीत कौर और मोहम्मद जुनेद गंभीर रूप से घायल हो गए ।घायलों को आनन-फानन में यहां मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर पिकनिक के लिए गए स्कूल के बच्चों के अभिभावकों में कोहराम मच गया, सभी एक दूसरे की खबर लेने के लिए दौड़ पड़े ।अपर पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह ने बताया कि यह बसें एक ट्रांसपोर्ट से किराए पर ली गई थी, मामले की विस्तृत छानबीन की जा रही है।