हरिद्वार। पुलिस ने स्कूटी से मोबाइल चुराने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक रुड़की के बी.एस.एम. डिग्री कॉलेज में बीटेक मैकेनिकल का छात्र है। युवक घर से जेब खर्ची न मिलने पर घटनाओं को अंजाम दिया करता था।
बुधवार 14 जून को शिवांश माहेश्वरी ने कनखल थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी व उसके दोस्त की स्कूटी से अज्ञात व्यक्ति ने प्रेम नगर आश्रम पुल के पास से मोबाइल चोरी कर लिए हैं। चोरी की घटना में तुरन्त कार्रवाई करते हुये घटना स्थल के समीप तैनात सीपीयू पुुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। जिसके कब्जे से दोनों मोबाइल बरामद हुये। सघन पुलिस पूछताछ मेें युवक ने अपना नाम नवनीत सिंह पुत्र कमल किशोर निवासी आगा मीर देवड़ी, सुभाष नगर, थाना वजीरगंज, लखनऊ बताया।
युवक ने बताया वह बी.एस.एम. डिग्री कॉलेज रुड़की में बीटेक मैकेनिकल की पढ़ाई कर रहा है और वर्तमान समय में राजपूत धर्मशाला, कनखल में रहता है। घर से खर्चे के लिये रूपये न मिलने पर आरोपी युवक ने मोबाइल चोरी करने का तरीका सोचा और स्कूटी की कई सारी चाबियां बनवा कर घाटों के पास से खड़ी स्कूटियों से मोबाइल चुराने का कार्य करने लगा। जिसकी निशानदेही पर चोरी के कुल 22 मोबाइल, 6 चाबियां, 16 सिम कार्ड व 3 मेमोरी कार्ड बरामद किए गए।
पुलिस टीम में एस आई भजराम चौहान व कमलकांत रतूड़ी, सीपीयू कांस्टेबल गोपाल सिंह व प्रदीप सिंह, कांस्टेबल अरविंद नौटियाल जसवीर शामिल रहे।