हरिद्वार। स्वछता अभियान के आखिरी दिन गंगानगरी में जिला जज सिकंद कुमार त्यागी, एसएसपी अजय सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती संगीता आर्य, एम.एम.ए दयानंद, अन्य मैजिस्ट्रेटो एवं फायर विभाग की करीब 200 महिला रिक्रूट्स द्वारा जनपद में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। गंगानगरी के रोड़ी बेलवाला क्षेत्र, विष्णु घाट, सीसीआर के आसपास के पार्किंग क्षेत्र, खड्डा पार्किंग आदि में साफ सफाई की गई।

पुलिस की ओर से गोद लिए विष्णु घाट में साफ सफाई करने के साथ यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत एक हाईटेक टॉयलेट का उद्घाटन किया गया। नगर निगम की ओर से स्वच्छता विषय पर ऑनलाइन कराई गई पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को एसएसपी द्वारा पुरस्कृत किया गया तथा गंगा घाटों को स्वच्छ रखने हेतु आमजन को भी जागरूक करते हुए शपथ दिलाई।