हरिद्वार। हरियाली तीज पर्व के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हाॅल में तीज महोत्सव आयोजन किया गया। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये। तीज महोत्सव में महिलाओं ने गढ़वाली, कुमाऊनी, जौनसारी गीत की धुन में शानदार रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

तीज महोत्सव में मुख्य अतिथि गीता धामी व विशिष्ट अतिथि उपवा अध्यक्षा अलकनन्दा अशोक रहीं। महोत्सव के दौरान उपवा हरिद्वार अध्यक्षा दिपाली सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
गीता धामी ने महोत्सव में उपस्थित सभी महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए वर्तमान समय में प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की अग्रणी भूमिका के बारे में बताया व अलकनन्दा अशोक ने पुलिस परिवार की महिलाओं के उत्थान एवं स्वरोजगार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। महोत्सव में अनेक भाषाओं की धुन पर प्रतिभागियों की ओर से शानदार रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। तीज क्वीन प्रतियोगिता में कुसुम प्रथम, हिमांशी रावत द्वितीय एवं गुरप्रीत तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर एसपी क्राइम व ट्रैफिक रेखा यादव, सीओ सिटी जूही मनराल, निहारिका सेमवाल, सीओ रुड़की पल्लवी एवं हरिद्वार पुलिस कीे अन्य महिला अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।