अवैध होर्डिंग और आवारा पशुओं से जनता को राहत दिलाए नगर निगम : सुनील सेठी

हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार को पत्र सौंपकर उनके समाधान की मांग की। उन्होंने वार्डों में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के साथ ही कूड़ा निस्तारण वाहनों की संख्या बढ़ाने का भी सुझाव दिया।

सुनील सेठी ने कहा कि शहर के तिराहे-चौराहों, डिवाइडरों, सर्विस लेन और हाईवे किनारे कई स्थानों पर अवैध रूप से होर्डिंग लगाए गए हैं। कई जगह ये होर्डिंग और उनके पोल जर्जर होकर गिरने की स्थिति में हैं, जिससे राहगीरों की जान को खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि बारिश और तेज हवा के दौरान ऐसे होर्डिंग कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। बिना राजस्व दिए लगाए गए अवैध होर्डिंग पर नगर निगम को तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाना चाहिए।

उन्होंने शहर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या का भी मुद्दा उठाया। सेठी ने कहा कि हरकी पैड़ी, भीमगोड़ा-खड़खड़ी, भूपतवाला, सप्तऋषि और कनखल सहित कई क्षेत्रों में आवारा पशुओं के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के चोटिल होने के साथ ही राहगीरों के दुर्घटनाओं का शिकार होने का खतरा बना रहता है। उन्होंने नगर निगम से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

सेठी ने कहा कि वार्डों में बढ़ती आबादी और निर्माण कार्यों को देखते हुए सफाई कर्मचारियों तथा कूड़ा निस्तारण वाहनों की संख्या भी बढ़ाई जानी चाहिए। कई बड़े वार्डों में सफाई कर्मचारियों को अधिक क्षेत्र में काम करना पड़ता है। वहीं कुछ क्षेत्रों में कूड़ा उठाने वाले वाहनों को दो से तीन चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने जनसंख्या और यात्री संख्या के आधार पर कर्मचारियों एवं वाहनों की संख्या बढ़ाने की मांग की।

इस अवसर पर भगीरथ प्रजापति, रवि बांगा, लालजी यादव, देवेंद्र गोयल, सोनू चौधरी, अभिनव कुमार और राकेश सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *