पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की बैठक में गोल्डन कार्ड और नोशनल वेतन वृद्धि पर उठी मांग

देहरादून। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन, देहरादून की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को कोषागार कार्यालय स्थित पेंशनर्स सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व कोषाधिकारी जयपाल सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष कोषागार संघ पी.सी. सैनी ने की, जबकि संचालन दिनेश जोशी ने किया।

बैठक के प्रथम सत्र में वक्ताओं ने पेंशनर्स से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान गोल्डन कार्ड से संबंधित समस्याओं और कैशलेस चिकित्सा सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही शासन से मांग की गई कि 30 जून एवं 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को भारत सरकार तथा उत्तर प्रदेश की तर्ज पर वर्ष 2006 से एक नोशनल वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाए। इस संबंध में एक सूत्रीय मांग पत्र मुख्य कोषाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा गया।

द्वितीय सत्र में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संगठन के चुनाव संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी जयपाल सिंह एवं पी.सी. सैनी की देखरेख में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन किया गया।

चुनाव में ठाकुर शेर सिंह (थापली) को अध्यक्ष, विजेंद्र कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आर.पी. सिंह को संरक्षक, दीपचंद शर्मा को महामंत्री, अनिल कुमार पनौली को कोषाध्यक्ष, प्रेम दत्त को संप्रेक्षक, महेंद्र सिंह तोमर को प्रवक्ता, पी.सी. खंतवाल को मुख्य सलाहकार तथा आर.एस. नौटियाल (अधिवक्ता) को कानूनी सलाहकार चुना गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष ठाकुर शेर सिंह ने उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनपद में लगभग 35 हजार पेंशनर्स हैं, जो विभिन्न स्थानों पर बिखरे हुए हैं। संगठन का प्रयास सभी पेंशनर्स को एक मंच पर जोड़कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करना होगा।

बैठक के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। साथ ही वरिष्ठ सेवानिवृत्त साथी पी.सी. शर्मा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सभा अध्यक्ष ने बैठक समाप्ति की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *