हरिद्वार। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के तीन मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे मतदाता सूची संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचकर गणना प्रपत्रों का समयबद्ध संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने विधानसभा क्षेत्र संख्या-35 के मतदेय स्थल संख्या 32, 33 और 34 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी, तहसीलदार, संबंधित बीएलओ और स्थानीय मतदाताओं से बातचीत कर गणना प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण की प्रगति की जानकारी ली।
मतदेय स्थल संख्या-32 की बीएलओ विनीता शर्मा ने बताया कि 1118 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं, जिनमें से 330 प्रपत्र अभी प्राप्त नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि चंडीपुल के निकट झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में रहने वाले मतदाताओं तक पहुंचने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
मतदेय स्थल संख्या-33 की बीएलओ मनोरमा ने बताया कि 1020 मतदाताओं को प्रपत्र वितरित किए गए, जबकि 195 प्रपत्र अभी तक वापस नहीं मिले हैं। इस क्षेत्र में भी चंडीपुल के आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों के मतदाता शामिल हैं।
वहीं, मतदेय स्थल संख्या-34 की बीएलओ हेमा जोशी के अनुसार कुष्ठ आश्रम स्थित बूथ पर 286 मतदाताओं को प्रपत्र वितरित किए गए, जिनमें से 104 अभी प्राप्त नहीं हुए हैं।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने बीएलओ को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर शेष मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने और पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाताओं से भी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में सहयोग करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार, बीएलओ और स्थानीय मतदाता उपस्थित रहे।