कुंभ-2027 के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, दिन-रात होगा काम

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने हरिद्वार में निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात काम कराने और निर्माण कार्यों में देरी व गुणवत्ता में कमी न होने देने को कहा।

मंडलायुक्त ने पंतद्वीप, बैरागी कैंप, कनखल, झंडा चौक, बंगाली मोड़ तथा सिंहद्वार से अमरापुर घाट तक चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मनसा देवी और चंडी देवी के पैदल मार्गों का निर्माण जल्द पूरा करने, कुंभ शिविरों में सफाई, बिजली, पेयजल और अन्य सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सड़क निर्माण के लिए बिटुमिन की आपूर्ति सुनिश्चित करने को इंडियन ऑयल के अधिकारियों से वार्ता की गई। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण टीम की नियमित उपलब्धता, सुरक्षा मानकों के पालन और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया। बैठक में मेलाधिकारी सोनिका, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *