कुंभ तैयारियों का मंडलायुक्त ने लिया जायजा

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को भूपतवाला से बैरागी कैंप तक विभिन्न निर्माण एवं अवस्थापना कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

भूपतवाला में उन्होंने पावन धाम पंपिंग पेयजल योजना के पुनर्गठन कार्य का निरीक्षण किया। 1.52 करोड़ रुपये की लागत से योजना का कार्य पूरा हो चुका है। मंडलायुक्त ने कुंभ के दौरान निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद वेद निकेतन घाट के निर्माण का जायजा लिया। 1.09 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे घाट की लंबाई 72 मीटर होगी।

खड़खड़ी पुल और अटल बिहारी वाजपेयी अतिथि गृह में चल रहे कार्यों की भी जानकारी ली। बैरागी कैंप में शिविरों और अखाड़ों के लिए भूमि की ड्रेसिंग व लेवलिंग कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भूमि आवंटन से पहले सड़क, बिजली और पेयजल समेत अस्थायी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। सती कैंप, दक्षद्वीप और गौरीशंकर क्षेत्र में सेक्टर प्लान की भी समीक्षा की। इस दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *