कुंभ-2027 के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से समझौता नहीं : मंडलायुक्त

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनन्द स्वरूप ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने सबसे पहले धनौरी-सिडकुल मार्ग पर पथरी रौ नदी में पुरानी गंग नहर के साइफन के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में निर्माणाधीन दो लेन के 90 मीटर स्पान वाले पुल का निरीक्षण किया। कुंभ मेला मद से 16.59 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल के संबंध में सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 36 आधार स्तंभों में से 33 का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि शेष तीन स्तंभों का निर्माण इसी माह पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पाइल कैप और स्टील सुपर स्ट्रक्चर का कार्य किया जाएगा।

मंडलायुक्त ने नदी तल में चल रहे कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी आधार स्तंभ और पाइल कैप का निर्माण जल्द पूरा किया जाए, ताकि पुल का निर्माण निर्धारित समय पर पूरा हो सके। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने धनौरी-सिडकुल मोटर मार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। करीब 8.50 किलोमीटर लंबी इस सड़क के सुधार के लिए कुंभ मेला मद से 6.53 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क से जुड़े आधारभूत कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं और बारिश समाप्त होते ही डामरीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।

मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्गों का समय पर तैयार होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी निर्माण कार्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *