सुमननगर में जलभराव से निपटने को प्रशासन ने झोंकी पूरी ताकत 

हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र के सुमननगर में भारी बारिश के बाद हुए जलभराव से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने राहत और जल निकासी अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें लगातार मौके पर तैनात हैं। प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी का काम लगातार जारी है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जलभराव की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, कानूनगो, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, आरकेओ समेत संबंधित विभागों की टीमें मौके पर भेजी गईं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए।    

जल निकासी के लिए सक्शन मशीन, पंप सेट और जेसीबी मशीनों को लगाया गया है। सक्शन मशीनों से पानी निकाला जा रहा है, जबकि पंप सेट के जरिये जलभराव वाले स्थानों से पानी बाहर किया जा रहा है। वहीं, जेसीबी से नालियों की सफाई और खुदाई कर पानी की निकासी का रास्ता सुचारु किया जा रहा है।

सुमननगर की गली संख्या तीन और चार में विशेष अभियान चलाकर पंप सेट लगाए गए हैं। प्रशासन के मुताबिक अब तक पंप सेट के माध्यम से करीब 35 लाख लीटर, शिविर के माध्यम से 15 लाख लीटर और नमामि गंगे की रुड़की शिविर टीम द्वारा करीब 15 लाख लीटर पानी की निकासी की जा चुकी है। इस तरह करीब 65 लाख लीटर पानी निकाला जा चुका है।   

प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों को जलभराव पूरी तरह समाप्त होने तक राहत एवं जल निकासी अभियान में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति सामान्य होने तक अभियान जारी रहेगा।

 
 
 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *