आवारा पशुओं के खौफ से निजात दिलाने की मांग, निगम प्रशासन से अभियान चलाने की अपील

काशीपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने नगर निगम प्रशासन से शहर में बढ़ते आवारा पशुओं के आतंक से लोगों को निजात दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूम रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।

अलका पाल ने कहा कि सड़कों पर बड़ी संख्या में खुलेआम घूम रहे गोवंशीय पशुओं के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। कई बार गोवंशीय पशु आपस में लड़ते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी पैदा होती है। वहीं, कूड़े के ढेरों में भोजन की तलाश करने के कारण पशुओं के स्वास्थ्य और उनकी मर्यादा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में नगर निगम द्वारा आवारा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर रखने की व्यवस्था की जाती थी। साथ ही पशुओं के मालिकों पर जुर्माना लगाकर निगम राजस्व भी प्राप्त करता था, लेकिन वर्तमान में इस व्यवस्था के प्रभावी रूप से लागू नहीं होने के कारण समस्या बढ़ती जा रही है।

अलका पाल ने कहा कि आवारा कुत्तों द्वारा राहगीरों को काटने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं, जिससे लोगों के घायल होने के साथ रेबीज का खतरा भी बना रहता है।

उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि गोवंशीय पशुओं के रखरखाव और आवारा कुत्तों समेत अन्य आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए शीघ्र अभियान चलाया जाए। साथ ही पशुओं को पकड़ने, उनके रखरखाव और जिम्मेदार पशुपालकों पर कार्रवाई की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि नगरवासियों को आवारा पशुओं के खौफ से निजात मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *